Jalandhar News: जालंधर में दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में युवक का अपहरण, वारदात से इलाके में दहशत; जांच में जुटी पुलिस
जालंधर: थाना लांबड़ा के अधीन आते चिट्टी मोड इलाके में गत दिन एक युवक के साथ मारपीट कर उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, चिट्टी मोड़ के पास एक युवक और एक महिला सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक पजेरो गाड़ी वहां आकर रुकी, जिसमें चार से पांच युवक सवार थे। आरोप है कि हमलावर तेजधार हथियारों से लैस थे और उन्होंने मौके पर मौजूद युवक पर हमला करते हुए उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक को ले जाते समय उस पर हमला भी किया गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार सुबह मोगा में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सिकंदर के रूप में हुई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे पैसों के लेन-देन का मामला सामने आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।