दुर्ग: जिले के सेक्टर-6 स्थित साई मंदिर में हुई सनसनीखेज डकैती की घटना को लगभग 67 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है. इस मामले में लगातार जांच जारी होने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.
गार्ड को बंधक बनाकर हुई थी लूट
आपको बता दें कि 25-26 फरवरी 2026 की दरमियानी रात 4 से 5 नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर वहां तैनात गार्ड को बंधक बना लिया था. गार्ड से मारपीट भी की और इसके बाद आरोपियों ने मंदिर में रखे चांदी के सामान और दानपेटी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था.
SSP भी मौके पर पहुंचे थे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. उस समय दुर्ग जिले के एसएसपी विजय अग्रवाल भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे. पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.
जांच बढ़ी है लेकिन गिरोह की पहचान नहीं
मामले में भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि पुलिस लगातार आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. उन्होंने बताया कि अभी तक गिरोह की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है.
वहीं लंबा समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले को कब तक सुलझा पाती है.