Bastar Cyber Crime News: बस्तर पुलिस ने किया अंतरराज्यीय सायबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, जामताड़ा के 2 शातिर कोलकाता से गिरफ्तार
जगदलपुर: बस्तर पुलिस ने सायबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 शातिरों को गिरफ्तार किया है. दोनों ही आरोपी झारखंड के जामताड़ा के रहने वाले हैं. दोनों आरोपी लंबे समय से सायबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. कई सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आखिरकार बस्तर पुलिस की टीम ने कोलकाता से इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 82 एटीएम कार्ड, 25 हजार नकद और 6 मोबाइल फोन समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए हैं.
🏦 सायबर ठगी का जामताड़ा कनेक्शन और रिटायर्ड शिक्षक से ठगी का मामला
बस्तर एएसपी सुखनंदन राठौर ने कहा कि परपा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक रिटायर्ड शिक्षक से फेसबुक के जरिए पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर 5 लाख 90 हजार रुपए की ठगी कर ली गई थी. इसके बाद रिटायर्ड शिक्षक ने परपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के 20 दिन बाद ही पुलिस जामताड़ा के इन शातिर आरोपियों तक पहुंच गई और इन्हें धरदबोचा. इन आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में भी कई सायबर अपराध के मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है और अन्य राज्यों के जिलों से भी आपराधिक रिकॉर्ड की डिटेल जुटा रही है.
🤝 कोलकाता पुलिस के सहयोग से होटल में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर मोबाइल नंबर और प्रार्थी से ठगी गई रकम जिन खातों में ट्रांसफर की गई थी, उन सभी खातों की जानकारी निकाली गई. एटीएम से नकदी निकासी के सीसीटीवी फुटेज की भी छानबीन की गई. आरोपियों का लोकेशन कोलकाता में मिला, जिसके बाद कोलकाता पुलिस की टीम के सहयोग से परपा पुलिस ने आरोपियों को स्ट्रीट एरिया में स्थित एक होटल में चिन्हित करते हुए घेराबंदी कर धरदबोचा. दोनों आरोपियों के नाम शहबाज अंसारी और जियाउल हक हैं, जो झारखंड के जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं.