रायपुर: 25 करोड़ की रंगदारी मांगने के केस में रायपुर पुलिस ने फरार अपराधी शोएब ढेबर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है. कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा और उनके परिवार को गैंगस्टरों के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगने का आरोप शोएब ढेबर पर है. लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
💰 शोएब पर 10 हजार का इनाम घोषित, विदेश भागने से रोकने के लिए पुलिस सख्त
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने उसे विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है. इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है. पुलिस टीमें छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में उसकी तलाश कर रही है. शोएब ढेबर कथित शराब और कोयला लेवी समेत विभिन्न मामलों में आरोपी पूर्व रायपुर महापौर अनवर ढेबर का बेटा है.
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार आनंद कुकरेजा ने 14 सितंबर को अज्ञात कॉलर की ओर से प्रोटेक्शन मनी के लिए धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. रायपुर पुलिस की जांच के दौरान सिम कार्ड और मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर शोएब ढेबर की पहचान कर गिरफ्तार किया गया था. 27 सितंबर को उसे रिमांड पर लेने के बाद न्यायालय में पेश किया गया. इस दौरान जिस दोस्त को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दिए जाने की बात सामने आई, उसने अदालत में आरोपित को पहचानने से इन्कार कर दिया. इसके बाद गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए उसे जमानत मिल गई.
🔍 फरार शोएब ढेबर की तलाश तेज, पुलिस ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
रायपुर पुलिस ने अगले ही दिन न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए अपील करते हुए दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी कराया. इसके बाद पुलिस की टीम ने शोएब ढेबर के घर, होटल और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी थी लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था. जिसकी तलाश पुलिस के द्वारा लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक शोएब ढेबर के खिलाफ पुलिस को कोई भी ठोस सुराग नहीं मिल पाया है.
पूर्व रायपुर नगर निगम महापौर एजाज ढेबर ने भी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन कर उनसे 50 करोड़ की प्रोटेक्शन मनी मांगी गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार, ढेबर परिवार को अंतरराष्ट्रीय कॉल के जरिए धमकियां दिए जाने की जानकारी मिली है. इस मामले में कॉल करने वाले व्यक्ति के संबंध में जुटाई गई जानकारियां गृह विभाग को भेजे जाने की बात भी सामने आई है. लुकआउट सर्कुलर के जरिए पुलिस अब उसके विदेश भागने की आशंका को रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है.