Jabalpur Road Accident: जबलपुर में रफ्तार का कहर, पानी पीने रुके बाप-बेटे को रईसजादे की कार ने रौंदा, मौके पर ही मौत
Jabalpur Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहला देने वाला हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है, जहां रफ्तार और शराब के नशे में धुत्त कार चालक ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं. धनवंतरी नगर इलाके में एक बेकाबू क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े तीन बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दो बार पलटने के बाद बाइक सवारों के ऊपर जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है. फिलहाल पुलिस दूसरी मृतक की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक गणेश प्रसाद कुमार निवासी अधारताल महाराजपुर अपने बेटे शुभम के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने धनवंतरी नगर आया था. खुशियों के माहौल के बीच वे प्यास लगने पर सड़क किनारे पानी लेने के लिए रुके थे. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि चंद सेकंड बाद मौत उनकी ओर रफ्तार से आ रही है. जैसे ही वे खड़े हुए सामने से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की क्रेटा कार MP 20 ZB 2934 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
घटना की चश्मदीद शमा खान ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ पास ही खड़ी थीं. उन्होंने बताया, “एक तेज रफ्तार कार आई और देखते ही देखते तीन बार पलटी खा गई. दो गाड़ियां कार के नीचे पूरी तरह दब गई थीं. मंजर इतना भयानक था कि हम कांप गए. अल्लाह का शुक्र है कि मेरे बच्चे सुरक्षित रहे, लेकिन उन युवकों को बचने का मौका तक नहीं मिला.” शमा के मुताबिक, कार चालक पूरी तरह नशे में था और गाड़ी की रफ्तार पर उसका कोई नियंत्रण नहीं था.
हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, धनवंतरी चौक के एक हिस्से में पुलिस चेकिंग चल रही थी. पुलिस की मौजूदगी के बावजूद शराब के नशे में धुत्त चालक बेखौफ होकर गाड़ी दौड़ा रहा था. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुपुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी गढ़ा पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहीं, पूरे मामले में जांच अधिकारी एसआई योगेंद्र सिंह का कहना है कि लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक चार पहिया वाहन ने तीन गाड़ियों को टक्कर मारी है. हादसे में दो की मौत हुई है और एक घायल है. आरोपी चालक किशन चौधरी निवासी कठोन्दा को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. कार अरविंद चौधरी के नाम पर पंजीकृत है. जिसे क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया गया है और आगे जांच की जा रही है.
हादसे में घायल हुए शुभम कुमार को तुरंत एंबुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, पुलिस दूसरे मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है. गढ़ा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जबलपुर की सड़कों पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों का यह कहर प्रशासन पर भी सवाल खड़े करता है कि आखिर चेकिंग के बावजूद ऐसे “चलते-फिरते यमराज” सड़कों पर कैसे घूम रहे हैं?