MP-CG Weather Update: गरियाबंद में मौसम का यू-टर्न! चिलचिलाती धूप के बीच जमकर बरसे ओले, सफेद रंग में रंगा नेशनल हाईवे
गरियाबंद: पूरे छत्तीसगढ़ में जहां भीषण गर्मी है वहीं गरियाबंद जिले में अचानक मौसम का मिजाज बदला और भारी ओलावृष्टि हुई है. जिले के इंदागांव, उदंती और जुगाड़ क्षेत्र में जोरदार बारिश के साथ ओले गिरे.
नेशनल हाईवे का रंग हुआ सफेद
ओलों की वजह से नेशनल हाईवे 130C का इंदागांव से जुगाड़ तक का हिस्सा सफेद रंग में रंग गया. लगातार बढ़ रही गर्मी से परेशान लोगों को भी इस ओलावृष्टि और बारिश से बड़ी राहत मिली है. कल भी इन क्षेत्रों में बारिश हुई थी, जिसके बाद आज फिर मौसम में बदलाव देखने को मिला. बारिश और ओले गिरने से मौसम सुहावना हो गया है.
बीमारियां फैलने का भी खतरा
भले ही मौसम सुहाना हुआ हो लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक मौसम परिवर्तन के कारण मौसमी बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है. मवेशियों को चोट लगने का भी खतरा होता है. इसके अलावा बागवानी की फसलों को भी नुकसान होता है.
तेंदूपत्ता को भी नुकसान
बीमारियों के खतरे के साथ ही भारी बारिश और ओलावृष्टि से हरा सोना यानी तेंदूपत्ता को भारी नुकसान हुआ है. साथ ही ओलावृष्टि से आम के छोटे फल टूटकर गिर जाते हैं, जिससे किसानों को नुकसान होता है.
फिलहाल स्थानीय लोगों ने इस अप्रत्याशित बारिश और ओलावृष्टि का आनंद लिया और गर्मी से मिली राहत का स्वागत किया.