Janakpur News: मनेंद्रगढ़ के जनकपुर में सफाई व्यवस्था चरमराई, पार्षदों ने शुरू की भूख हड़ताल; नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले एमसीबी में स्वच्छता पर सियासी गदर मच गया है. जनकपुर नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद खस्ता है. यहां के डॉ.भीमराव अंबेडकर वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष कमल चौधरी ने भूख हड़ताल शुरू कर दिया है. वे 16 मार्च सोमवार से से भूख हड़ताल पर हैं और नगर पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पार्षद कमल चौधरी का आरोप है कि उनके वार्ड में महीनों से नालियां जाम पड़ी हैं, जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
उन्होंने बताया कि कई बार नगर पंचायत के सीएमओ और अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला, जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जनकपुर बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय पर गंदगी के कारण ताला लगा दिया गया है. इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर महिलाओं और बच्चियों को शौच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.
जब तक वार्ड में नियमित सफाई, नालियों की सफाई और बस स्टैंड शौचालय को साफ कर चालू नहीं किया जाता, तब तक मेरा आंदोलन जारी रहेगा. यह लड़ाई सिर्फ मेरे वार्ड की नहीं, बल्कि पूरे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर है. मैंने कई बार अधिकारियों को वार्ड की स्थिति दिखाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. नालियां जाम हैं, गंदगी फैली हुई है और बस स्टैंड का शौचालय बंद पड़ा है. जब तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, मैं भूख हड़ताल जारी रखूंगा- कमल चौधरी, पार्षद, डॉ.भीमराव अंबेडकर वार्ड क्रमांक 09
नगर पंचायत अध्यक्ष ने दी सफाई
जनकपुर नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल पटेल ने सफाई देते हुए कहा कि पार्षद की मांगों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों को वार्ड में लगाया गया है और बस स्टैंड शौचालय की सफाई कर जल्द ही व्यवस्था बहाल की जाएगी. अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
पार्षद की सभी मांगों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है और जल्द ही वार्ड की सफाई एवं बस स्टैंड शौचालय की व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी- कौशल पटेल, अध्यक्ष, जनकपुर नगर पंचायत
इस सबके बीच बड़ा सवाल बरकरार है कि जनकपुर नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था कब तक सुधरेगी. कब तक यहां हालात सामान्य हो सकेंगे. यह देखने वाली बात होगी.
