क्राइम अलर्ट: गर्लफ्रेंड की शादी तय होने पर प्रेमी ने मंगेतर को भेजीं ‘प्राइवेट फोटो’, रिश्ता टूटने के सदमे में युवती ने की खुदकुशी
Karnataka News: प्यार जब सनक बन जाए, तो वह न केवल रिश्तों को खत्म करता है बल्कि किसी की जिंदगी भी लील लेता है. कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक ऐसी ही रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिरफिरे प्रेमी की बदले वाली मानसिकता ने एक 22 वर्षीय युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया. मामला सिंदगी तालुक के बंदल गांव का है. यहां रहने वाली जयश्री बिरादर (22) की शादी उसके परिवार ने तय कर दी थी.
सगाई की रस्में पूरी हो चुकी थीं और आगामी 27 अप्रैल को शादी का शुभ मुहूर्त था. घर में खुशियों का माहौल था और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. लेकिन जयश्री के अतीत के एक अध्याय ने इन खुशियों को मातम में बदल दिया.
सनकी प्रेमी की डिजिटल साजिश
जयश्री का पहले श्रीशैल बदनूर नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था. जब श्रीशैल को पता चला कि जयश्री की शादी कहीं और तय हो गई है, तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर पाया. उसने जयश्री को पाने या समझाने के बजाय उसे बदनाम करने का रास्ता चुना. श्रीशैल ने जयश्री के साथ अपनी कुछ निजी तस्वीरें उस युवक के परिवार को भेज दीं, जिससे जयश्री की शादी होने वाली थी. जैसे ही होने वाले ससुराल वालों के पास तस्वीरें पहुंचीं, उन्होंने तुरंत शादी का रिश्ता तोड़ दिया. शादी रद्द होने की खबर ने जयश्री को सामाजिक और मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया.
कुएं में कूदकर दी जान
अपमान और शर्मिंदगी के बोझ तले दबी जयश्री ने कल शाम गांव की मदीना मस्जिद के पास स्थित एक कुएं में छलांग लगा दी. जब तक ग्रामीण उसे बचाने पहुंचते, उसकी मृत्यु हो चुकी थी. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इस घटना के बाद से जयश्री के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने आरोपी श्रीशैल बदनूर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. सिंदगी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है. यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि सोशल मीडिया और डिजिटल डेटा कैसे किसी की जिंदगी बर्बाद करने का हथियार बन सकते हैं.