जम्मू-कश्मीर: राजीव गांधी अस्पताल में सुपर स्पेशलिस्ट देने लगे अपनी सेवाएं, कोरोना संक्रमण के मामले होने लगे कम
जम्मू। कोरोना संक्रमण के मामले कम होने के बाद अब सभी अस्पतालों में पहले जैसी सुविधाएं शुरू हो रही है। वीरवार को राजीव गांधी अस्पताल गंग्याल में सुपर स्पेशलिस्ट डाक्टरों की ओपीडी शुरू हुई है। यह पहली बसर है कि इस अस्पताल में सुपर स्पेशलिट डाक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राजीव गांधी अस्पताल में रूटभ्न की ओपीडी पहले से ही चल रही थी। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. सलीम-उर-रहमान के निर्देशों पर सुपर स्पेशलिट डाक्टरों ने भी अस्पताल में अपनी सेवाएं देना शुरू कर दी। अब आर्थो स्पाइन के डा. नवदीप सिंह सोमवार और वीरवार को अस्पताल में ओपीडी में बैठेंगे।
वहीं न्यूरो फिजिशयन डा. सुरेंद्र सिंह मंगलवार और शुक्रवार तथा गैस्ट्रोएन्ट्रालोजिस्ट डा. शंशाक शर्मा बुधवार और शनिवार को ओपीडी सेवाएं देंगे। इसके अलावा त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. सानिया अख्तर सभी छह दिन अपनी सेवाएं देंगी। स्वास्थ्य विभाग के इस कदमा से गांधीनगर अस्पताल पर भी मरीजाें का दबाव कम होगा। यही नहीं गंग्याल व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए दरबदर नहीं होना पड़ेगा।
जम्मू के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के साथ बन रहे कैंसर संस्थान आैर चेस्ट डिजिजेस अस्पताल के साथ बन रहे बोन और ज्वाइंट अस्पताल इसी साल मरीजों के लिए खोलने की तैयारी चल रही है। यह अस्पताल समय पर मरीजों के लिए खोले जा सकें, इसके लिए इन अस्पतालों में मेडिकल सुपरिटेंडेंट की नियुक्ति कर दी गई है।
डा. मनोज चलोत्रा को कैंसर संस्थान के मेडिकल सुपरिटेंडेंट की अतिरिक्त जिम्मेवारी सौंपी गई
राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू की प्रिंसिपल डा. शशि सूदन ने वीरवार को एक आदेश जारी कर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. मनोज चलोत्रा को कैंसर संस्थान के मेडिकल सुपरिटेंडेंट की अतिरिक्त जिम्मेवारी सौंपी गई है। वहीं राजकीय मेडिकल कालेज अस्प्ताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. एडीएस मन्हास को बोन और ज्वाइंट अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों ही अस्पताल बनाने में देरी हुई है। अब दोनों इसी साल मरीजों के लिए खोल दिए जाएं, इसके लिए तेजी के साथ काम जारी है।
