Tarn Taran Shootout Update: प्यार में रिजेक्शन या कुछ और? लॉ स्टूडेंट की फायरिंग का वीडियो आया सामने
तारीख 9 फरवरी 2026… पंजाब का तरनतारन शहर… यहां सोमवार की सुबह ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिससे सभी के होश फाख्ता हो गए हैं. मामला मर्डर के बाद सुसाइड का है. उस्मा गांव स्थित लॉ कॉलेज में हर दिन की तरह छात्र क्लास शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ मिनटों में यह शिक्षा का मंदिर गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार से दहल जाएगा.
कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज में मौत का वह मंजर कैद हुआ है जिसने सबको सन्न कर दिया है. सुबह करीब 9 बजे थे. पढ़ाई शुरू नहीं हुई थी और छात्र आपस में बातचीत कर रहे थे. तभी हाथ में अवैध पिस्टल लिए नौशहरा पन्नुआं का एक छात्र क्लास में दाखिल हुआ. वो सीधा आगे की बेंच की ओर बढ़ा, जहां 20 साल की संदीप कौर अपनी सहेली के साथ बैठी थी.
आरोपी छात्र ने संदीप के पास पहुंचकर चंद सेकंड बहस की. संदीप कुछ समझ पाती, उससे पहले ही उसने पिस्टल निकाली और छात्रा के सिर से सटाकर ट्रिगर दबा दिया. गोली लगते ही संदीप लहूलुहान होकर नीचे गिरी. बगल में खड़ी सहेली अभी चीख भी नहीं पाई थी कि छात्र ने फुर्ती से पिस्टल दोबारा लोड की और अपनी कनपटी पर सटाकर खुद को भी खत्म कर लिया. क्लासरूम में दो लाशें बिछी थीं और चारों तरफ खून फैल चुका था.
क्या एकतरफा प्यार में उठाया ये कदम?
ऐसा माना जा रहा है कि एकतरफा प्यार में छात्र ने ये खौफनाक कदम उठाया. पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि वैलेंटाइन्स वीक पर कहीं छात्र ने छात्रा को प्रपोज तो नहीं किया था? फिर उसका इनकार सुनकर छात्रा ने उसे गोली मार दी? हालांकि अभी इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. फिर भी पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.
