नई दिल्ली में महिला दिवस पर कलाभारती एसोसिएशन का विशेष आयोजन, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन की रही विशेष उपस्थिति
नई दिल्ली, 6 मार्च 2026 : कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में कलाभारती एसोसिएशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया। दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक चले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक-आर्थिक उन्नति को बढ़ावा देना रहा। संस्था का लक्ष्य महिलाओं को सक्षम, समृद्ध और जागरूक बनाकर विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कोयंबटूर से विधायक वनाथी श्रीनिवासन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर फैशन, खेल, दिव्यांग सशक्तिकरण, शास्त्रीय नृत्य और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला उद्यमियों की सहभागिता के साथ फाइनेंशियल लिटरेसी पर विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम की आयोजक कलाभरती एसोसिएशन की संस्थापक एवं अध्यक्षा उषा बाजपेई रहीं, जबकि सह-आयोजन में रिचा मिश्रा पांडेय का सहयोग रहा। आयोजन की जिम्मेदारी सिनोरिटा इसाक और सुरेंद्र बिधूड़ी ने संभाली। संस्था ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों, महिला उद्यमियों, प्रबुद्ध नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

