Ranchi LPG Supply Update: रांची में गैस सप्लाई सुधारने के लिए कड़े निर्देश, घरेलू सिलिंडर की ब्लैक मार्केटिंग पर होगी FIR; जिला प्रशासन का बड़ा फैसला
रांची: राजधानी रांची में एलपीजी गैस की आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक की गई. इसका उद्देश्य जिले में गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करना, मौजूदा समस्याओं की समीक्षा करना और त्वरित समाधान निकालना है.
LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ बैठक
इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि एवं एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स मौजूद रहे. विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों जैसे सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति, डिलीवरी में देरी, बुकिंग सिस्टम की तकनीकी समस्याएं और कुछ इलाकों में स्टॉक की कमी पर विस्तार से चर्चा की गई.
गैस वितरण में पारदर्शिता की जरूरत
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में एलपीजी की मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को जल्द से जल्द कम किया जाए. उन्होंने कहा कि आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम करें. डिस्ट्रीब्यूटर्स को अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने और तय समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आपूर्ति की नियमित निगरानी के लिए एक विशेष टीम गठित करने का निर्णय लिया गया.
हल्पेलाइन नंबर जारी
एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने lpgranchi2026@gmail.com ईमेल आईडी शुरू की है. इसके अलावा, अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 के माध्यम से भी उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग कर उचित कार्रवाई की जाएगी.
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्ती
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्त रुख अपनाया गया है. उपायुक्त ने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन द्वारा डिलीवरी प्रक्रिया पर कई स्तरों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके.
वैध उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिले डीसी
इसके अलावा, गैस एजेंसियों पर अव्यवस्था और जबरन सिलेंडर लेने की घटनाओं को देखते हुए आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं. उपायुक्त ने कहा कि वैध उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिले, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.
वे अफवाहों से बचें जनता
लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और पैनिक बुकिंग न करें. इसके साथ ही, जहां संभव हो, वहां पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन अपनाने की सलाह दी गई. इसे सुरक्षित, निरंतर और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प बताते हुए टोल-फ्री नंबर 1800-123-121111 पर संपर्क कर प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी गई. जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि एलपीजी आपूर्ति को सामान्य और सुचारु बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.
