Rajrappa Chhinnamastika Temple: रजरप्पा के मां छिन्नमस्तिका मंदिर में शारदीय नवरात्रि की धूम, 9 दिवसीय अनुष्ठान शुरू
रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। कलश स्थापना के साथ ही नौ दिवसीय अनुष्ठान और साधना का दौर शुरू हो चुका है। शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और साधकों का तांता लगना शुरू हो गया है। कोई माता के दर्शन-पूजन के लिए कतारों में खड़ा है, तो कई साधक मंदिर परिसर में बने हवन कुंडों में बैठकर 9 दिनों तक चलने वाली कठोर साधना में लीन हैं।
🔥 9 दिनों तक चलेगा विशेष पूजन और साधना, नवमी के दिन पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा अनुष्ठान
नवरात्र के इन नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। इसी परंपरा के तहत मां छिन्नमस्तिका के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती का पाठ और हवन अनुष्ठान किए जा रहे हैं। प्रतिपाद से शुरू हुआ यह अनुष्ठान नवमी के दिन भव्य हवन और पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे साधकों ने नौ दिनों तक व्रत व साधना करने का संकल्प लिया है, जबकि आम श्रद्धालु माता रानी से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
🚩 प्रशासन और मंदिर न्यास समिति की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा का रखा जा रहा खास ध्यान
मंदिर के पुजारी असीम पंडा के अनुसार, नौ दिनों तक मंदिर क्षेत्र में साधकों द्वारा निरंतर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा और प्रतिदिन परंपरा के अनुसार माता को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। नवरात्र के पावन पर्व को देखते हुए मंदिर न्यास समिति और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अन्य सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक रूप में सजाया गया है, ताकि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और साधना का अनुभव मिल सके।