नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के किसानों के चेहरे शुक्रवार सुबह खिलखिला उठे, जब उन्होंने मूंग की फसल में पानी जाते देखा. किसानों को उम्मीद है कि इस बार उनकी मूंग की फसल खूब लहलहाएगी. मूंग की फसल को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार यानि 27 मार्च की सुबह 9 बजे तवा डैम से नहरों में पानी छोड़ा गया. जल प्रवाह शुरू करने से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और समय पर पानी मिलने पर खुशी जताई.
पूजा-पाठ के बाद नहरों में छोड़ा गया पानी
तवा डैम के एसडीओ एनके सूर्यवंशी ने बताया कि “हरदा जिले के लिए बायीं तट मुख्य नहर से जल आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई है. उन्होंने बताया कि किसानों की मांग और मूंग फसल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विभिन्न क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाएगा.” पानी छोड़ने से पहले पूजा-अर्चना एसडीओ एनके सूर्यवंशी द्वारा संपन्न कराई गई. इस अवसर पर मौजूद किसानों ने उम्मीद जताई कि समय पर सिंचाई पानी मिलने से मूंग की फसल को अच्छा लाभ मिलेगा और उत्पादन में बढ़ोत्तरी होगी.
