Jharkhand Weather Update Today: झारखंड में बढ़ेगा पारा, 7 मार्च से रांची समेत इन जिलों में गरज के साथ बारिश के आसार; जानें मौसम का हाल
रांची: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक फिलहाल आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा. लेकिन 7 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. 7 और 8 मार्च को राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
9 मार्च को इन इलाकों में वज्रपात के आसार
वहीं 9 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में भी आंशिक बादल रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 9 मार्च को उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में गरज के साथ वज्रपात की भी संभावना व्यक्त की है. इनमें कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिला शामिल हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
सरायकेला में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के किसी भी इलाके में बारिश नहीं हुई है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है.
