पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदाग गांव में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की टांगी से काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद छोटा भाई फरार हो गया है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पूरी घटना शराब के नशे के दौरान हुए विवाद में हुआ है.
दरअसल, मृतक ठेकही अंदाग के पिंटू भुईयां चार भाई थे. सबसे बड़े भाई के बेटे की सगाई हुई थी. सगाई के दौरान सभी भाई एक जगह जमा हुए थे. इसी बीच सभी ने शराब का सेवन किया था. इसी बीच पिंटू भुईयां का अपने छोटे सीटू भुईयां के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और छोटे भाई सीटू भुईयां ने पिंटू भुईयां को टांगी से काट डाला. घटना के बाद परिजनों ने पिंटू को इलाज के लिए पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया. जहां बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और हॉस्पीटल रेफर कर दिया गया था. लेकिन डॉक्टरों ने पिंटू भुईयां को मृत घोषित कर दिया.
इधर, परिजन अस्पताल से शव लेकर भाग गए और गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे. तभी मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था. इसी विवाद में हत्या हुई है. घटना को अंजाम देने वाला छोटा भाई फरार है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. दोनों भाई बाहर ईंट भट्ठा में काम करते हैं.
