पेट्रोल पंप पर ‘हाई-वोल्टेज’ ड्रामा! टंकी फुल कराई और बिना पैसे दिए रफूचक्कर हुआ ड्राइवर; देखें CCTV फुटेज
गुरदासपुर: गुरदासपुर के एक पेट्रोल पंप पर एक कार चालक आया। उसने अपनी गाड़ी में 4550 रुपये का तेल डलवाया। इसके बाद वह स्कैन करने के बहाने गाड़ी से बाहर भी आया, लेकिन उसने पैसे नहीं दिए और बिना स्कैन किए ही गाड़ी भगाकर मौके से फरार हो गया।
यह मामला गुरदासपुर के दोरांगला रोड स्थित बैंस फिलिंग स्टेशन का है, जहां काले रंग की गाड़ी और उसके चालक की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। जब यह कार चालक फरार हुआ, तो पेट्रोल पंप पर काम करने वाली एक लड़की ने अपनी स्कूटी पर उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी उसे भी चकमा देकर भागने में सफल रहा। पेट्रोल पंप मालिक सुरिंदर सिंह बैंस ने बताया कि इस मामले की शिकायत संबंधित थाना सिटी पुलिस को दे दी गई है।
वहीं, थाना सिटी के इंचार्ज इंस्पेक्टर दविंदर प्रकाश का कहना है कि शिकायत के आधार पर गाड़ी के नंबर से मालिक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
