GST की चोरी, 5 राज्यों में फैला नेटवर्क, करोड़ों का लगाया ‘चूना’… मुरादाबाद से मास्टरमाइंड ‘भूरा प्रधान’ अरेस्ट
यूपी के मुरादाबाद में जीएसटी चोरी के बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है. एसआईटी ने फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी करने वाले मास्टरमाइंड भगवान सिंह उर्फ भूरा प्रधान को उसके सहयोगी रविंद्र के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद किए हैं, जिनमें फर्जी फर्मों और लेन-देन से जुड़े अहम सबूत मिले हैं.
ऐसे करते थे GST की जोरी
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी भगवान सिंह ने 33 फर्जी फर्में बनाकर बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी का नेटवर्क खड़ा किया था. वह फर्जी ई-वे बिल और बिल्टी तैयार कर स्क्रैप से लदी गाड़ियों को उत्तर प्रदेश से अन्य राज्यों में पास कराता था. उसका नेटवर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार तक फैला हुआ था.
बना रखा था बड़ा नेटवर्क
पुलिस ने बताया कि आरोपी इतना शातिर था कि उसने पूरे प्रदेश में गाड़ियों को फर्जी कागजों के जरिए पास कराने का बड़ा नेटवर्क बना रखा था. उसका सहयोगी रविंद्र, जो हरदोई का निवासी है. वह फर्जी बिल और ई-वे बिल तैयार करता था.
एसपी क्राइम सुभाष चन्द्र गंगवार ने बताया भगवान सिंह कोसीकलां, मथुरा का रहने वाला है. यह एक बहुत बड़ा मास्टरमाइंड है. वह अपने सर्वेंट रविंदर के माध्यम से यह काम करता था. इसने 33 फर्जी फर्में बनवा रखी थीं और उन्हीं में कंप्यूटराइज्ड बिल और ई-वे बिल तैयार करके माल का इधर-उधर करता था और जीएसटी जोरी करता था.
5 राज्यों तक फैला है नेटवर्क
एसपी क्राइम ने बताया कि 2024 में इसने पूरे यूपी में इस तरह का ठेका लिया है कि जो भी गाड़ियां इधर से गुजरती हैं और अगर कहीं रोकी जाती हैं, तो यह उन गाड़ियों को आगे निकलवाने का काम करता था. इसका पूरा एक नेक्सस उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, पंजाब और राजस्थान तक फैला हुआ है. इसकी अभी जांच की जा रही है.
इसके खिलाफ आजमगढ़ में भी केस दर्ज है. मामले में थाना सिविल लाइन में पहले से मुकदमा दर्ज था और SIT इसकी जांच कर रही थी. पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.
