यूपी वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! चित्रकूट से वाराणसी की दूरी अब सिर्फ ढाई घंटे में, ट्रैफिक जाम को कहें बाय-बाय
सागर: प्रयागराज अर्धकुंभ – 2031 को लेकर चल रही तैयारियों के मद्देनजर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के काम शुरू हो गए हैं. पिछले प्रयागराज कुंभ में कई दिनों के जाम से सबक लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो गयी हैं. इसी के मद्देनजर प्रयागराज से होकर गुजरने वाले चित्रकूट-वाराणसी ग्रीनफील्ड हाईस्पीड हाईवे डिजाइन को मंजूरी मिल गयी है.
प्रयागराज-रीवा और प्रयागराज-सिंगरौली से रहेगा लिंक
एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की मंजूरी के बाद इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है, जो काम भोपाल की कंपनी को सौंपा गया है. ये हाईवे प्रयागराज रीवा और प्रयागराज सिंगरौली से लिंक होगा. दावा है कि चित्रकूट और वाराणसी के बीच के करीब ढाई सौ किमी का सफर ढाई घंटे में पूरा कर देगा. इससे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को तेज रफ्तार मिलेगी. वहीं, 2031 के प्रयागराज अर्धकुंभ में यातायात की परेशानियों से छुटकारे के साथ यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी.
डीपीआर के लिए 10.37 करोड़ रुपए हुए जारी
चित्रकूट से होकर वाराणसी जाने वाले ग्रीनफील्ड हाईस्पीड हाईवे के डिजाइन को मंजूरी मिलने के बाद अब भोपाल की कंपनी उसका डीपीआर तैयार करने जा रही है. एनएचएआई ने 249 किमी लंबे 6 लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईस्पीड ग्रीनफील्ड को मंजूरी दे दी है. मंजूरी मिलने के बाद इसका डीपीआर तैयार करने के लिए 10.37 करोड़ रुपए भी जारी किए जा चुके हैं. भोपाल की ये कंपनी छह माह में रिपोर्ट तैयार करेगी.
महाकुंभ में बुंदेलखंड और कानपुर से आने वाले वाहन जाम में फंसे
ग्रीनफील्ड हाईस्पीड हाईवे बनाने के पीछे प्रयागराज महाकुंभ 2025 की वो स्थितियां मानी जा रही हैं, जिसके कारण हजारों वाहन जाम में फंस गए थे. खासकर बुंदेलखंड और कानपुर की तरफ से आने वाले वाहन जाम में फंसे थे. इसमें मध्य प्रदेश और यूपी के बुंदेलखंड से महाकुंभ जाने वाले श्रृद्धालुओं के वाहन फंस थे और राज्य सरकार की भी जमकर किरकिरी हुई थी. इस ग्रीनफील्ड हाईस्पीड हाईवे के बनने से अर्धकुंभ 2031 के दौरान बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश की तरफ से आने वाले वाहनों की संख्या के कारण यातायात प्रबंधन को मैनेज किया जा सकेगा. वहीं, नैनी ब्रिज पर लगने वाले भारी जाम से भी छुटकारा मिलेगा.
कैसे जुड़ेगा मध्य प्रदेश से ये हाईवे
चित्रकूट-वाराणसी ग्रीनफील्ड हाईस्पीड हाईवे को बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे तथा प्रयागराज-रीवा व प्रयागराज-सिंगरौली हाईवे से लिंक किया जाएगा. चित्रकूट-प्रयागराज-वाराणसी को जोड़ने के लिए फोर-सिक्स लेन एंट्री कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है. मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का कहना है कि मध्य प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के कारण कई अहम नेशनल हाईवे, एक्सप्रेस वे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे से कनेक्टिविटी होती है. इसी तरह चित्रकूट वाराणसी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे से हमारी कनेक्टिविटी होगी. इससे पर्यटन को गति मिलेगी.मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड और बघेलखंड के लोगों की यात्रा सुगम होगी और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी. इस सड़क परियोजना के निर्माण से बुंदेलखंड के लोगों की प्रयागराज और वाराणसी तक पहुंच आसान होगी. इससे गंगा एक्सप्रेस वे से आसान कनेक्टिविटी होगी.
