Bhopal Crime News: भोपाल में बदमाशों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, 6 साल की बच्ची के सिर में लगी तलवार
भोपाल : राजधानी में दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा था. दोनों ही गुटों के करीब 80 लोग लाठी-डंडों व तलवारों से लैस थे. इसी दौरान एक व्यक्ति अपने दो बच्चों व पत्नी के साथ बाइक से वहां से गुजरा. विवाद कर रहे कुछ लोग इस बाइक सवार पर टूट पड़े. तलवारों से हमला कर दिया. तलवार के वार से 6 साल की बच्ची के सिर में गहरी चोट आई है. ये मामला सीसीटीवी में भी कैद हो गया.
शाहजहांनाबाद में रात 12 बजे भिड़े दो गुट
घटना शाहजहांनाबाद इलाके में बुधवार रात करीब 12 बजे की है. बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है. पीड़ित पिता फैजान अहमद ने बताया “उसकी पत्नी व बच्चे शाहजहांनाबाद स्थित नूर महल में मायके आई थीं. वह पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे. इस दौरान पहले से 70-80 लोग आपस में विवाद कर रहे थे. गली संकरी होने के कारण बाइक मोड़ने की कोशिश की, तभी झगड़ा बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई.”
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने दो टीमें बनाईं
वारदात के बाद इलाके मे दहशत है. पीड़ित पिता ने बताया “इसी दौरान किसी धारदार हथियार से वार किया, जिसकी चपेट में उनकी 6 साल की बच्ची आ गई. हमला करने वाले किसी भी व्यक्ति को वह नहीं जानते. इस विवाद से भी उनका कोई लेना-देना नहीं है. बेटी के सिर से खून बहते देख परिवार घबरा गया.” शहजांनाबाद थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया “हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है. हमलावारों की तलाश के लिए दो टीमें बनाई हैं, जो बदमाशों की तलाश कर रही हैं.” शाहजहांनाबाद एसीपी अनिल बाजपेई ने बताया “अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.” लेकिन सवाल ये उठता है कि पुलिस ने अभी तक हमलावरों की शिनाख्त तक नहीं की, पकड़ेंगे किसे?
सीसीटीवी फुटेज बता रहे वारदात कितनी खौफनाक
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. शहर के बीचों बीच 70 से 80 लोग हथियारों को लेकर भिड़ते हैं. पुलिस को कोई खबर नहीं. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाश हथियार लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं. एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं. इसी दौरान मासूम बच्ची उनकी चपेट में आ गई.
