रांची में खराब मौसम का कहर! एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नहीं कर सकी लैंडिंग; हवा में चक्कर काटने के बाद कोलकाता डायवर्ट, यात्री परेशान
रांची: खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को मंगलवार सुबह कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा. विमान को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुबह 9:25 बजे लैंड करना था, लेकिन घने बादल और कम दृश्यता के कारण सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी.
फ्लाइट संख्या IX 1046 कोलकाता डायवर्ट
रांची एयरपोर्ट के जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश शुक्ला से मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट संख्या IX 1046 दिल्ली से निर्धारित समय पर रवाना हुई थी और रांची पहुंचने के बाद कुछ समय तक एयरस्पेस में चक्कर भी लगाती रही. पायलट ने मौसम की स्थिति और विजिबिलिटी को देखते हुए कई बार लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन दृश्यता पर्याप्त नहीं होने के कारण विमान को उतारना जोखिम भरा था. इसके बाद एहतियातन विमान को कोलकाता एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया.
यात्रियों को हुई परेशानी
फ्लाइट के अचानक डायवर्ट होने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा. हालांकि विमानन नियमों के तहत यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया.
लो विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट डायवर्ट
रांची एयरपोर्ट के जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश शुक्ला के मुताबिक सुबह के समय मौसम खराब होने और विजिबिलिटी कम रहने के कारण फ्लाइट की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और वस्तुस्थिति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है.
उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया है. मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद आगे की व्यवस्था को लेकर एयरलाइन कंपनी और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार मौसम में लगातार बदलाव के कारण सुबह के समय उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है. ऐसे में एयर ट्रैफिक कंट्रोल और पायलट की ओर से सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ही निर्णय लिया जाता है. फिलहाल यात्रियों को एयरलाइन की ओर से आगे की जानकारी दी जा रही है.
