बिलासपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परेशान: तीसरी और चौथी किस्त न मिलने से अधूरा पड़ा दर्जनों मकानों का निर्माण
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के अंतर्गत मकान स्वीकृत हो जाने के बावजूद पात्र हितग्राहियों को तीसरी और चौथी किस्त की राशि प्राप्त करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। निर्धारित समय पर वित्तीय सहायता न मिल पाने की वजह से शहर के विभिन्न हिस्सों में दर्जनों मकानों का निर्माण कार्य बीच में ही अटका पड़ा है, जिससे लाभार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों द्वारा सही जानकारी न देने पर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे का सख्त रुख, अधूरे और नए आवासों के लिए तय की समय-सीमा
दूसरी तरफ, संबंधित विभागीय अधिकारी नगर निगम आयुक्त को आवास निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति और सही जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अब नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कड़ा रुख अपनाया है और अधूरे पड़े आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने तथा नए स्वीकृत मकानों का कार्य तत्काल शुरू करवाने के लिए सख्त समय-सीमा निर्धारित कर दी है।