Singapore India Network Forum: छत्तीसगढ़ में सेमीकंडक्टर और AI डाटा सेंटर का काम शुरू, निवेश के दिखने लगे परिणाम
सिंगापुर की सफल यात्रा के बाद रायपुर लौटे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फ़ॉर ग्रोथ फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को निवेशकों से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा नामित होकर गए मुख्यमंत्री के प्रतिनिधिमंडल को सिंगापुर में कुल ₹43,600 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से राज्य की आर्थिक संरचना को नई मजबूती और वैश्विक पहचान मिलेगी।
💻 एनर्जी कैपिटल ग्लोबल करेगा ₹41,750 करोड़ का निवेश: डेटा सेंटर और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
प्राप्त प्रस्तावों में सबसे बड़ा निवेश ‘एनर्जी कैपिटल ग्लोबल’ का है, जो छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट का अत्याधुनिक डाटा सेंटर कैंपस विकसित करेगा और इसमें ₹41,750 करोड़ का भारी निवेश होगा। इसके अलावा, युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुसार कुशल बनाने के लिए सिंगापुर की प्रतिष्ठित संस्था ‘ITE Education Services’ के साथ एमओयू किया गया है। एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में भी ₹350 करोड़ का नया निवेश प्रस्ताव मिला है, जिससे दाल, तिलहन और काजू जैसे स्थानीय उत्पादों को बड़ा वैश्विक बाजार मिलेगा।
📈 धरातल पर उतरने लगे हैं निवेश के परिणाम: सेमीकंडक्टर और AI प्रोजेक्ट्स पर तेजी से चल रहा काम
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सिंगापुर यात्रा के दौरान मिले सभी प्रस्ताव बहुत जल्द छत्तीसगढ़ में धरातल पर उतरेंगे। नई उद्योग नीति लागू होने के बाद अब तक ₹8,32,000 करोड़ से अधिक के एमओयू हो चुके हैं, जिनमें से अधिकांश पर काम शुरू भी हो चुका है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर प्लांट, AI डाटा सेंटर, और निफ्ट-नाइलेट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम चल रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब जनता के सामने आने लगे हैं।