SHB–MDH Cancer Care Hospital में श्रीहनुमान प्रकटोत्सव पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, सनातनी विनोद बिंदल ने निभाई सेवा की जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 2 अप्रैल 2026 : कड़कड़डूमा स्थित श्री हनुमान बालाजी चैरिटेबल डायग्नोस्टिक सेंटर एवं SHB–MDH कैंसर केयर हॉस्पिटल में हनुमान जी के प्रकट उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लेकर भगवान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

भंडारे का आरंभ दोपहर 1 बजे से किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में हलवा, पूरी और सब्जी का प्रसाद ताजा तैयार कर वितरित किया गया। सभी श्रद्धालुओं ने प्रेम, श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर अनुशासन और सेवा का विशेष वातावरण रहा, जहां अस्पताल कर्मियों ने मिलकर पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया और प्रत्येक व्यक्ति तक प्रसाद पहुंचाने का कार्य किया।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सनातनी विनोद बिंदल ने स्वयं अपने हाथों से प्रारंभ से लेकर अंत तक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। उनकी इस सेवा भावना ने उपस्थित लोगों के बीच विशेष संदेश दिया कि सेवा ही सच्ची भक्ति का मार्ग है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हनुमान जी का उत्सव उनके जन्म के रूप में नहीं, बल्कि उनके प्रकट दिवस के रूप में मनाया जाता है, क्योंकि भगवान सनातन और अमर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सहयोग और सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में “जय श्री हनुमान बालाजी महाराज” के जयकारे गूंजते रहे। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रकट उत्सव की शुभकामनाएं दी गईं और सभी के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
