Kawardha Fire News: कवर्धा राइस मिल में लगी भीषण आग, करोड़ों का धान जलकर राख; फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने पाया काबू
कबीरधाम: कवर्धा के हरिनछपरा गांव में जनता राइस मिल है. आज जनता राइस मिल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. राइस मिल के संचालक ने बताया कि आग से करोड़ों का नुकसान हो चुका है. आग पर काबू पाने की कोशिश में दमकल की टीम जुटी हुई है. राइस मिल के संचालक का आरोप है कि उन्होंने आग लगने की खबर तीन फायर ब्रिगेड केंद्रों पर दी. लेकिन कहीं से भी तत्काल मौके पर मदद नहीं मिली. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जो टैंकर देर से आग बुझाने के लिए पहुंचे, उनमें भी पानी की मात्रा काफी कम थी.
राइस मिल में लगी भीषण आग
राइस मिल में जब आग लगी तब वहां मौके पर मौजूद लोगों ने बताया, कि आग ने देखते ही देखते राइस मिल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि राइस में मिल में मौजूद फायर सिस्टम से भी काबू में नहीं आई. मिल में कई टन धान रखा था. जिसकी वजह से आग और तेजी से फैली. कई किलोमीटर दूर से सही राइस मिल से उठता धुंआ लोगों को नजर आ रहा था. राइस मिल के भीतर बड़ी संख्या में बारदाने के गट्ठर भी रखे थे जो जलकर खाक हो गए.
आग लगने की खबर मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे. आग बुझाने की कोशिश हमने अपने स्तर पर की. जो भी हमारे पास साधन था उससे हमने आग पर काबू पाने की कोशिश की. फायर ब्रिगेड भी मौके पर देर से पहुंची. हमने पंडरी में भी फायर फाइटर टीम को फोन किया था लेकिन तीन जगहों से हमें सभी कोई मदद समय पर नहीं मिली. शार्ट सर्किट से आग लगने की बात ही समझ में आ रही है. अभी भी 2 गाड़ियां यहां फायर ब्रिगेड की पहुंचनी है: बिलाल गांधी, राइस मिल मालिक
आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी
राइस मिल के मालिक बिलाल गांधी ने बताया कि आग करीब 11 बजे लगी थी, लेकिन समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी. उनका आरोप है कि शुरुआती स्तर पर पर्याप्त संसाधनों के साथ राहत कार्य शुरू किया जाता तो नुकसान कम हो सकता था. प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
