जीभ को स्वाद, शरीर को ताकत! शेफ कुणाल कपूर ने बताई वजन घटाने वाली ‘मैजिकल’ डिश; पेट भरेगा, पर मोटापा नहीं बढ़ेगा
खाने का स्वाद और सेहत…अक्सर लोग मानते हैं कि इन दोनों के बीच बैलेंस बनाना मुश्किल होता है. कई बार जो चीजें स्वादिष्ट होती हैं, वे सेहत के लिए उतनी फायदेमंद नहीं मानी जातीं, और जो हेल्दी होती हैं उन्हें लोग बेस्वाद समझकर खाने से कतराते हैं. खासकर जब बात वजन कंट्रोल करने या हेल्दी डाइट फॉलो करने की हो, तो लोगों को लगता है कि उन्हें अपनी पसंदीदा चीजों से समझौता करना पड़ेगा. लेकिन अगर सही सामग्री और सही तरीके से खाना बनाया जाए, तो ऐसा बिल्कुल भी जरूरी नहीं है कि हेल्दी खाना स्वाद में कम हो.
आजकल कई शेफ और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट ऐसी रेसिपीज शेयर कर रहे हैं जो न सिर्फ स्वादिष्ट होती हैं, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर होती हैं. ऐसी डिशेज शरीर को जरूरी न्यूट्रिएंट्स देती हैं और साथ ही वजन बढ़ने की चिंता भी कम कर देती हैं. मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने भी एक ऐसी ही हेल्दी और टेस्टी डिश की रेसिपी शेयर की है, जिसे आप आसानी से घर पर बना सकते हैं. चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कौन सी है वो डिश, इसे कैसे बनाएं और इसे खाने के क्या हैं फायदे.
शेफ कुणाल ने शेयर की फाइबर से भरपूर खिचड़ी की रेसिपी
मास्टर शेफ इंडिया के जज और सेलेब्रिटी शेफ कुणाल कपूर अपने इंस्टाग्राम पर मजेदार रेसिपी शेयर करते रहते हैं. 7 मार्च को कुणाल ने एक फाइबर से भरपूर मिलेट खिचड़ी की रेसिपी बताई है, जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद है और जुबान को भी स्वाद से भर देगी. चलिए जानते हैं इसे कैसे बनाएं?
मिलेट खिचड़ी के लिए सामग्री
मिलेट और दाल के लिए:
फॉक्सटेल मिलेट (कांगनी) ¼ कप
पर्ल मिलेट (बाजरा) ¼ कप
ज्वार ¼ कप
सांवा (बार्नयार्ड मिलेट) ¼ कप
धुली मूंग दाल ¼ कप
मसूर दाल ¼ कप
अरहर (तूर) दाल ½ कप
हल्दी ½ छोटा चम्मच
नमक 1 छोटा चम्मच
पानी 7 कप
तड़के के लिए:
घी 3 बड़े चम्मच
सूखी लाल मिर्च 2
हींग ½ छोटा चम्मच
राई 2 छोटे चम्मच
जीरा 2 छोटे चम्मच
करी पत्ते 1 टहनी
प्याज (बारीक कटा) ½ कप
अदरक (बारीक कटा) 2 छोटे चम्मच
लहसुन (बारीक कटा) 1 बड़ा चम्मच
हरी मिर्च (बारीक कटी) 1
हल्दी ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार
नमक स्वादानुसार
टमाटर (कटे हुए) 1 कप
पानी जरूरत अनुसार
कसूरी मेथी पाउडर
खिचड़ी बनाने का तरीका
सबसे पहले चारों अनाज यानी फॉक्सटेल बाजरा, पर्ल बाजरा, ज्वार और बार्नयार्ड बाजरा को एक बर्तन में निकालें और इन्हें अच्छे से धोकर छान लें. अब गैस पर प्रेशर कुकर चढ़ाएं. उसमें सभी अनाज को पानी के साथ डाल दें. इसके बाद इसमें धुली हुई मूंग दाल, मशूर दाल, तूर दाल भी मिक्स करें. इसके बाद हल्दी और नमक डालकर कुकर बंद कर दें.
अब एक पैन लें और उसमें घी डालकर गर्म करें. इसके बाद इसमें सूखी लाल मिर्च, हींग, सरसों के बीज, जीरा और करी पत्ता डालें. अब बारीक कटा हुआ प्याज, अदरक-लहसुन डालकर हल्का सा भूनें. जब प्याज का रंग बदल जाए तो इसमें हरी मिर्च, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटे टमाटर को मिक्स करें और अच्छे से भूनें.
2 से 3 सीटी आनें के बाद कुकर को गैस से उतार लें. सीटी निकलने के बाद दाल में तैयार किया हुआ मसाला मिलाएं और अच्छे से चलाते हुए पकाएं. अब ऊपर से कसूरी मेथी, मेथी पाउडर, बारीक कटा हरा धनिया और नींबू का रस डालकर मिक्स करें. गरमागरम सर्व करें.
