मुरैना: सबलगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 2 दोस्तों की जिंदगी छीन ली. पहाड़ी पासौन गांव के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही सबलगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, खोज जारी
ये भीषण हादसा पहाड़ी पासौन गांव के पास हुआ, जिससे इलाके में शोक का माहौल है. मृतक के चाचा बनवारी लाल जाटव ने बताया, “केलारस के नेपरी गांव निवासी दीपक जाटव अपने दोस्त संजय कुशवाह के साथ बाइक से सबलगढ़ के बेनीपुरा गांव में अपनी ससुराल गया था. देर रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों युवक बाइक से अपने घर के लिए निकले थे. रास्ते में जब वे पहाड़ी पासौन गांव के पास पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.”
हादसे में मौके पर ही दोनों युवकों की हुई मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने हादसा देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. इस मामले को लेकर सबलगढ़ थाना के एएसआई रामबाबू निबोरिया ने बताया, “सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.” वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
