भरोसे का खूनी अंत! यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या पर मां का फूटा दर्द, किए ऐसे खुलासे कि दंग रह गई पुलिस
जालंधर: कनाडा में चाकू घोंपकर मारी गई पंजाबी मूल की यूट्यूबर नैंसी ग्रेवाल की मां ने कैमरे के सामने आकर बड़े खुलासे किए हैं। यहां आपको बता दें कि नैंसी ग्रेवाल (45) की मॉन्ट्रियल के पास के इलाके लसाले में उनके घर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में उनके पति को गिरफ्तार कर लिया है। नैंसी ग्रेवाल का परिवार पहले हरियाणा में रहता था फिर वह लुधियाना में शिफ्ट हो गए। अब उसकी मां जालंधर में रहती है। पुलिस के मुताबक, उसकी मंगलवार रात को हत्या की गई।
आ रहे थे धमकी भरे कॉल
नैंसी की मां छिंदरपाल ने रोते हुए कहा कि एक दिन पहले ही उनकी नैंसी से बात हुई थी। उन्होंने कहा कि नैंसी की हत्या बहुत बुरे तरीके से की गई थी। नैंसी को 4 महीने से धमकी भरे कॉल आ रहे थे। उन्होंने कनाडा सरकार और भारत सरकार से दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने में मदद की गुहार लगाई है। मां ने रोते हुए कहा कि मेरी बेटी को दुश्मनों ने इतनी बुरी तरह पीटा है कि मैं आपको बता नहीं सकती। उसके दुश्मन गुरुद्वारे में बैठे हैं। मेरी बेटी सच्चाई के रास्ते पर चलने वाली लड़की थी। डाक्टरों के मुताबिक उनके बेटी को काफी गंभीर चोटें लगी थी जिस कारण उसकी मौत हो गई।
बड़े खुलासे करते हुए मां ने कहा कि जसबीर सिंह रोडे का भतीजा अवतार सिंह उनकी बेटी से दुश्मनी रखता था और कहता था कि नैंसी को वही करना चाहिए जो मैं कहता हूं। वह एक ऐसी लड़की थी जिसने अपनी नौकरी छोड़ दी और दूसरों की मदद की। बेटी पर पहले भी हमला हो चुका है। उनका घर जला दिया गया था, लेकिन उस बार उनकी जान बच गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति चेहरा ढककर उनके घर रेकी करने गया था। सीसीटीवी कैमरे देकर वह भाग गया।
दो कंपनियों में करती थी काम
मां ने कहा कि नैंसी ग्रेवाल 2018 में कनाडा गई थी और नर्सिंग का कोर्स पूरा करने के बाद 2 कंपनियों में काम करती थी। नैंसी से मेरी बात 2 तारीख को हुई थी। ज्यादा व्यस्त रहने के चलते वह खुद मुझे कॉल करती थी। वह मेरे टच में थी और मुझे सब कुछ बताती रहती थी। उसे धमकी भरे कॉल भी आए थे, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी। हम कनाडा सरकार से बस एक ही मांग करते हैं कि उसके साथ इंसाफ हो और कातिलों को गिरफ्तार किया जाए।
यहां आपको बता दें कि कनाडा में यह घटना लसाले के सेंट-लूस क्रिसेंट में मौजूद एक बिल्डिंग में हुई, जहां पुलिस को सुबह-सुबह इमरजेंसी कॉल मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो नैन्सी ग्रेवाल गंभीर रूप से घायल हालत में मिली। उसके शरीर पर चाकुओं से गोदने के कई निशान थे। उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन गहरे घाव और ज़्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि नैन्सी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी और भारत-कनाडा के रिश्तों और पॉलिटिक्स पर खुलकर बोलती थी। उसकी हत्या के बाद पुलिस ने नैन्सी के परिवार और चाहने वालों के साथ हमदर्दी जताई है।
फिलहाल, कई रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि घरेलू झगड़े की वजह से उसके पति ने उसकी हत्या कर दी, जबकि कई रिपोर्ट्स में अज्ञात लोगों द्वारा उसकी हत्या किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन असली सच्चाई पुलिस जांच में सामने आएगी। अभी तक, कनाडा पुलिस ने किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की खबर नहीं दी है। आपको बता दें कि, नैंसी आए दिन अपने यूट्यूब वीडियों को लेकर सुर्खियों में रहती थी। उसने खालिस्तानियों, डेरा ब्यास मुखी और अकाल तख्त जत्थेदार तक की अलोचना की थी।
नैंसी की आखिरी पोस्ट
हत्या से कुछ दिन पहले नैंसी ग्रेवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में उसने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।
पोस्ट में नैन्सी ने सतनाम सिंह नाम के एक व्यक्ति के बयान का समर्थन करते हुए अपनी बात रखी थी। वीडियो में वह जत्थेदार को लेकर कड़ी भाषा का इस्तेमाल करती नजर आ रही थी और चेतावनी देती दिखाई दे रही थी कि जब लोग और सच्चे सिख एकजुट हो जाएंगे तो उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा। इसके अलावा वीडियो में उसने अकाल तख्त जत्थेदार के कपड़ों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 3 फरवरी को हुई उसकी हत्या से करीब 6 दिन पहले इंस्टाग्राम पर साझा किया गया था। फिलहाल यह पोस्ट भी जांच का हिस्सा बन गई है और पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
डेरी मुखी पर उठाए सवाल
नैंसी ग्रेवाल का एक और पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने ब्यास स्थित राधा स्वामी सत्संग डेरा के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों को लेकर भी टिप्पणी की थी। वीडियो में नैंसी ने डेरे और उसके कार्यों को लेकर कई सवाल उठाए थे। वीडियो में वह कहती नजर आती है कि लोग अक्सर दावा करते हैं कि उनके बाबा जी नशा छुड़वाने का काम करते हैं। लेकिन उन्होंने सवाल किया कि क्या इसके लिए कहीं कोई नशा मुक्ति केंद्र खोला गया है और अगर खोला है तो कहां। साथ ही उसने यह भी पूछा कि आखिर कितने युवाओं को नशे से बाहर निकाला गया है। अगर कोई युवक नशा करता है तो उसके माता-पिता भी उसे नशा न करने की सलाह देते हैं और डेरे में भी इसी तरह की बातें कही जाती हैं। उसने यह भी सवाल उठाया कि डेरे की ओर से पंजाब में अब तक कौन-कौन से बड़े सामाजिक काम किए गए हैं। वीडियो के अंत में नैन्सी ने लोगों से अपील करते हुए कहा था कि वे बाबाओं के पीछे चलने के बजाय मेहनत और अपने प्रयासों के जरिए जीवन में आगे बढ़ने की कोशिश करें। यह वीडियो भी अब मामले की जांच के दौरान चर्चा में आ गया है।
हत्या के पीछे कौन
नैंसी ग्रेवाल ने अपने बयानों में कई नेताओं, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक हस्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसी बीच निहंग सिंह अकाली जसदीप सिंह का बयान सामने आया है। उसने कहा कि यदि किसी एक व्यक्ति या समूह को निशाना बनाया गया होता तो यह समझना आसान होता कि इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है, लेकिन उन्होंने कई नेताओं, निहंग सिंहों, सुखबीर बादल, राधा स्वामी डेरा प्रमुख, जत्थेदारों, एस.जी.पी.सी. और पंजाब के कुछ सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के खिलाफ बयान दिए थे। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि यह वारदात किस वजह से और किसके द्वारा की गई।
