बस्तर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार! दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर मुठभेड़, भैरमगढ़ एरिया कमेटी का खूंखार माओवादी ढेर
दंतेवाड़ा: बस्तर क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमाक्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का एक इनामी नक्सली मारा गया. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री भी बरामद की है.
दंतेवाड़ा में नक्सल ऑपरेशन तेज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जैसे जैसे 31 मार्च पास आ रहा है जिले में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में थाना गीदम क्षेत्रांतर्गत ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के मध्य जंगल-पहाड़ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री डंप किए जाने की विश्वसनीय सूचना पुलिस को मिली थी.
डीआरजी और बस्तर फाइटर्स का ज्वाइंट एक्शन
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) राहुल कुमार उयके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों की संयुक्त टीम को योजनाबद्ध तरीके से रवाना किया गया. पुलिस टीम ने रात के समय जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया.
घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर शुरू की फायरिंग
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि पुलिस बल जैसे ही जंगल में आगे बढ़ रहा था, उसी दौरान बुधवार रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच पहले से घात लगाकर बैठे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के करीब 8 से 10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला कर दिया. नक्सलियों ने पुलिस जवानों को निशाना बनाकर अवैध स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. नक्सलियों का उद्देश्य पुलिस पार्टी पर हमला कर जवानों की हत्या करना और उनके हथियार लूटना था.
फोर्स की जवाबी फायरिंग में कई नक्सली फरार
अचानक हुई फायरिंग के बावजूद पुलिस जवानों ने धैर्य और संयम का परिचय देते हुए तुरंत सुरक्षित स्थान लेते हुए मोर्चा संभाला. पुलिस जवानों ने पहले नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन नक्सलियों ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए लगातार फायरिंग जारी रखी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों ने आत्मसुरक्षा में सटीक और जवाबी फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई से नक्सली कमजोर पड़ने लगे और दबाव में आकर पीछे हटने लगे. घने जंगल, पहाड़ी भूभाग और अंधेरे का फायदा उठाकर अधिकांश नक्सली मौके से फरार हो गए.
5 लाख का इनामी नक्सली ढेर
मुठभेड़ के बाद पुलिस बल द्वारा पूरे इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया. मुठभेड़ स्थल की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस को एक सशस्त्र पुरुष नक्सली का शव बरामद हुआ. बरामद नक्सली शव की पहचान आत्मसमर्पित नक्सली कैडर के माध्यम से कराई गई, जिसमें उसकी पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई. वह भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. राजेश पुनेम बीजापुर जिले के थाना गंगालूर क्षेत्र के ग्राम बुरजी का निवासी बताया गया है.
हथियार और गोला बारूद बरामद
इसके अलावा मौके से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री भी बरामद की गई. बरामद सामग्री में एक एसएलआर रायफल, एक इंसास रायफल, एक पिस्टल मय मैगजीन, एक वॉकी-टॉकी सेट, एक एसएलआर मैगजीन, छह एसएलआर जिंदा राउंड, एक एसएलआर का खाली खोखा, तीन इंसास मैगजीन, पांच इंसास जिंदा राउंड, अठारह इंसास मिसफायर राउंड, तीन इंसास के खाली खोखे, पांच पिस्टल के जिंदा राउंड, एक पिस्टल का खाली खोखा और एक पोच शामिल है.
ऑपरेशन में सभी जवान सुरक्षित, जिला मुख्यालय लौटे
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बरामद शव, हथियार और अन्य नक्सली सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है. इलाके में आईईडी और संभावित एंबुश के खतरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल ने पूरी सतर्कता के साथ टैक्टिकल मूवमेंट किया. इसके बाद आरओपी और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई करते हुए सभी जवान सुरक्षित रूप से जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा लौट आए.इस पूरे अभियान में सुरक्षा बलों को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं हुई और ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा.
दंतेवाड़ा पुलिस का कहना है कि बस्तर क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नक्सल उन्मूलन के प्रति उनका संकल्प पूरी तरह मजबूत है और क्षेत्र में शांति और विकास के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा.
छत्तीसगढ़ में नक्सल एनकाउंटर
साल 2026
5 फरवरी: बीजापुर में तर्रेम के जंगलों में दक्षिण बस्तर डिवीजन DVCM माओवादी उधम सिंह मारा गया.
29 जनवरी: बीजापुर मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, AK-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल सहित गोला बारूद बरामद
17-18 जनवरी: बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में मुठभेड़, 4 महिला नक्सली सहित 6 नक्सली ढेर
3 जनवरी: सुकमा एनकाउंटर में 60 लाख के इनामी 12 माओवादियों को मार गिराया. AK 47, INSAS, SLR Rifles बरामद
साल 2025
12 नवंबर 2025: बीजापुर के नेशनल पार्क में मुठभेड़ में 6 नक्सली ढेर
21 मई 2025: शीर्ष नक्सली नेता बसवराजू समेत 28 नक्सली ढेर
15 मई 2025: बीजापुर के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर 31 नक्सली मारे गए
12 अप्रैल 2025: दंतेवाड़ा-बीजापुर बार्डर पर मुठभेड़, 3 नक्सली ढेर
31 मार्च 2025: दंतेवाड़ा बीजापुर बार्डर पर 45 लाख की इनामी महिला नक्सली ढेर
29 मार्च 2025: सुकमा में नक्सली मुठभेड़ में 17 शव बरामद, झीरमकांड में शामिल नक्सली भी ढेर, 25 लाख का था ईनाम
20 मार्च 2025 : बीजापुर और कांकेर में हुए दो नक्सल एनकाउंटर में 30 नक्सली मारे गए
9 फरवरी 2025: बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 31 माओवादियों को मार गिराया
20-21 जनवरी 2025: गरियाबंद जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 16 माओवादी मारे गए
19 जनवरी 2025: प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन के केंद्रीय समिति सदस्य जयराम उर्फ चलपथी सहित 14 माओवादी मारे गए
16 जनवरी 2025: बीजापुर जिले में भीषण मुठभेड़ में 18 माओवादी मारे गए
साल 2024
22 नवंबर 2024: सुकमा जिले में मुठभेड़, 10 माओवादी मारे गए
04 अक्टूबर 2024: अबूझमाड़ में हुई मुठभेड़ में 38 नक्सली मारे गए
10 मई 2024: बीजापुर जिले में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए
16 अप्रैल 2024: कांकेर जिले में भीषण मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए
02 अप्रैल2024: बीजापुर जिले में हुई मुठभेड़ में 13 माओवादी ढेर
