विश्व रक्तदाता दिवस पर सनातनी विनोद बिंदल के नेतृत्व में आयोजित 62वें रक्तदान शिविर में 305 यूनिट रक्त संग्रह
नई दिल्ली, 14 जून 2026 : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर विवेक विहार स्थित श्री हनुमान बालाजी मंदिर में आयोजित 62वें रक्तदान शिविर में 305 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण और मानवता का भाव देखने को मिला।

शिविर का आयोजन सनातनी विनोद बिंदल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है और यह ऐसा महादान है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने बताया कि श्री हनुमान बालाजी मंदिर में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं और यह मंदिर का 62वां रक्तदान शिविर था।
विनोद बिंदल ने बताया कि मंदिर परिसर में वर्ष में तीन बार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। शुरुआत में यह आयोजन वर्ष में एक बार होता था, जिसे बाद में बढ़ाकर दो और फिर तीन बार किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में रक्तदान शिविरों की संख्या और बढ़ाने की योजना है।

उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और दुर्घटना पीड़ितों, कैंसर मरीजों, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों तथा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए रक्तदान जीवनदायी साबित होता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि 18 से 65 वर्ष तक का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभा सकता है।
शिविर में जीटीबी अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने रक्त संग्रह का कार्य किया। रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहित किया गया। आयोजन के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं उपलब्ध रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर विनोद बिंदल ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि श्री हनुमान बालाजी मंदिर परिसर में अगला रक्तदान शिविर 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
