*उज्जैन*- देवास रोड़ पर लालपुर के समीप स्थित मदरलैंड पब्लिक स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने के लिए जा रही टाटा मैजिक सोमवार दोपहर 3 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई है जबकि 18 बच्चे घायल हैं, इनमें से 4 बच्चों की हालत चिंताजनक है। मैजिक में 23 बच्चे सवार थे। हादसे की वजह ड्राइवर द्वारा मैजिक तेज गति से चलाना भी सामने आया है।
ग्रामीणों और बच्चों ने बताया कि ड्राइवर तेज गति से मैजिक चला रहा था। इसी वजह से हादसा हुआ है।हादसे के बाद ग्रामीण मदद के लिए आगे बढ़े और डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम संतोष टैगोर, सीएसपी वंदना चौहान और टीआई विक्रम सिंह इवने मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया ग्राम धतरावदा में वेयर हाउस के मोड़ पर सड़क किनारे बबूल के पेड़ से टकराकर स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वाहन 5 फीट नीचे खंती में गिर गई। पुलिस ने सभी बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने पर कलेक्टर आशीष सिंह और एसएसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल भी पहुंचे।कलेक्टर ने कहा सबसे पहली प्राथमिकता है बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ करना। सभी आवश्यक व्यवस्थाए करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें
रिपोर्ट – ऐश्वर्या द्विवेदी