गोवा चुनाव : शिवसेना को ‘धरती पुत्र’ एजेंडे के सहारे तटीय राज्य में पैठ जमाने की उम्मीद

गोवा में एक बार फिर पैठ जमाने की कोशिशों में जुटी शिवसेना के एजेंडे में ‘धरती पुत्रों’ का मुद्दा प्रमुखता से शामिल है, जिन्हें पार्टी निजी क्षेत्र की 80 फीसदी नौकरियां देने की मांग कर रही है। पार्टी ने 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा के लिए 14 फरवरी को होने वाले चुनाव में दस उम्मीदवार उतारे हैं। तटीय राज्य में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है, जिसके 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। पर गठबंधन सहयोगी न तो प्रचार स्थलों पर और न ही पोस्टरों में शिवसेना के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के हिस्से के रूप में दोनों पार्टियां कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करती हैं।

‘धरती पुत्रों’ के हक की आवाज बुलंद करना हमारा एजेंडा

पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए गोवा पहुंचे शिवसेना सचिव आदेश बांदेकर ने कहा, ‘हमारा एजेंडा ‘धरती पुत्रों’ के हक की आवाज बुलंद करना होगा, जैसा कि हमारे पार्टी प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे ने महाराष्ट्र में किया था। आप स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि ‘धरती पुत्रों’ के एजेंडे को लागू नहीं किया जा रहा है।’ शिवसेना की गोवा इकाई के प्रमुख और मापुसा से पार्टी प्रत्याशी जितेश कामत ने कहा, ‘हम ‘धरती पुत्रों’ के लिए न्याय चाहते हैं। हमारा संकल्प है कि गोवा में निजी क्षेत्र की 80 फीसदी नौकरियां राज्य के लोगों को मिलें।’ शिवसेना ने पहले गोवा चुनाव में 11 उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पणजी सीट से उसके प्रत्याशी ने दिवंगत मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया, जो भाजपा द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रहे हैं।

राज्य में कभी भी अपनी जड़ें नहीं जमा शिवसेना
शिवसेना का गठन 1966 में ‘धरती पुत्रों’ यानी ‘मराठी मानुषों’ के हितों की रक्षा के लिए किया गया था। पार्टी ने कर्नाटक के बेलगाम शहर में ‘मराठी मानुष’ से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और मराठी भाषी क्षेत्रों को महाराष्ट्र में शामिल करने की वकालत की। शिवसेना ने राज्य के अन्य हिस्सों में अपना विस्तार किया, कोंकण क्षेत्र, खासतौर पर दक्षिण कोंकण, उसका गढ़ बन गया। पड़ोसी गोवा में मराठी भाषी लोगों की ठीक-ठाक आबादी है। हालांकि, शिवसेना राज्य में कभी भी अपनी जड़ें नहीं जमा सकी। भारतीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 1989 में शिवसेना ने गोवा की छह विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा, जिनमें से पांच पर उसके प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। आंकड़ों के अनुसार, पार्टी महज 6.64 फीसदी वोट हासिल कर सकी, जो राज्य में उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

आंकडों से देखें शिवसेना का प्रदर्शन
चुनाव आयोग के आंकड़ों पर गौर करें तो 1994 के चुनाव में शिवसेना ने दो विधानसभा सीटों पर किस्मत आजमाई और दोनों पर उसके प्रत्याशी अपनी जमानत राशि तक नहीं बचा पाए। आंकड़ों के अनुसार, 1999 में शिवसेना ने 14 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे, जिसमें पार्टी को महज 2.74 प्रतिशत वोट मिले और उसके सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। 2002 में शिवसेना ने 15 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा और सभी में जमानत राशि गंवा दी, जबकि 2007 में उसने सात सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी सात में जमानत राशि जब्त कर ली गई। 2012 और 2017 के चुनावों में पार्टी के तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में उतरे और सभी की जमानत जब्त हो गई। पिछले तीन दशकों से शिवसेना पर नजर रखने वाले दिल्ली के पत्रकार अनंत बगैतकर ने कहा कि हालांकि, गोवा में मराठी भाषी लोगों की एक बड़ी आबादी है, लेकिन शिवसेना को वहां कभी समर्थन नहीं मिला।

उन्होंने कहा, ‘गोवा की मराठी भाषी आबादी भी अपनी संस्कृति के प्रति सुरक्षात्मक थी। लोगों ने मराठी भाषा स्वीकार की, लेकिन वे इस बात को लेकर बहुत स्पष्ट थे कि उनकी विशिष्ट पहचान बनी रहे।’ बगैतकर ने कहा कि इसके अलावा, पार्टी में महाराष्ट्र की तरह एक मजबूत संगठन बनाने के लिए बहुत कम प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) को जगह बनाने का मौका दिया, जो एक क्षेत्रीय पार्टी है, क्योंकि उसने भी यही मुद्दा साझा किया है। गोवा के शोधकर्ता एवं पत्रकार और ‘अजीब गोवा, गजब पॉलिटिक्स’ के लेखक संदेश प्रभुदेसाई ने कहा कि 1963 में हुए पहले चुनावों के दौरान एमजीपी की स्थापना गोवा का महाराष्ट्र में विलय कराने के मकसद से की गई थी।

गोवावासियों का उससे क्या लेना-देना
प्रभुदेसाई ने कहा, ‘सभी को हैरानी हुई कि पार्टी बहुमत के साथ सत्ता में आई। यूनाइटेड गोवा पार्टी के नेतृत्व में विलय विरोधी खेमे को विपक्ष में धकेल दिया गया।’ उन्होंने बताया कि 1967 में इस मुद्दे पर जनता की राय जानने के लिए एक सर्वेक्षण कराया गया। प्रभुदेसाई ने कहा कि 16 निर्वाचन क्षेत्रों ने विलय के खिलाफ और 12 ने पक्ष में मतदान किया। हालांकि, एक महीने के भीतर हुए विधानसभा चुनाव में लोगों ने भारी बहुमत से एमजीपी को जीत दिलाई। उन्होंने कहा, ‘गोवा के लोगों ने गोवा की पहचान की जोरदार रक्षा की है। शिवसेना महाराष्ट्र के ‘धरती पुत्रों’ का एक संगठन है। गोवा के लोग एक ऐसे संगठन को वोट क्यों देंगे, जो महाराष्ट्र के ‘धरती पुत्रों’ का समर्थन करता है। गोवावासियों का उससे क्या लेना-देना है।’

क्या धारावी की जमीन के मालिक बन जाएंगे अडानी, जानिए असल कहानी?     |     EVM के इस्तेमाल की जिद क्यों? एलन मस्क की टिप्पणी के बाद अखिलेश यादव का सवाल     |     इंस्टा पर दोस्ती, होटल ले जाकर दोस्तों ने किया गंदा काम… सुसाइड से पहले युवक बता गया दर्द भरी दास्तां     |     तांत्रिक ने बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से किया दुष्कर्म     |     T20 World Cup: पाकिस्तान के बाहर होने पर सिद्धू ने खोली ICC की पोल, गावस्कर ने भी की खिंचाई     |     संसद में अब 2014 और 2019 वाली स्थिति नहीं…कभी भी गिर सकती है सरकार, स्पीकर पद को लेकर संजय राउत का बड़ा बयान     |     आयकर में दान पर टैक्स छूट के लिए फार्म 10बीई जरूर लें करदाता     |     राहुल गांधी ने छोड़ी वायनाड सीट तो प्रियंका गांधी होंगी उम्मीदवार! अगले तीन दिन में होगा फैसला     |     कोटा कोचिंग सेंटर में IIT की तैयारी करने वाले छात्र ने किया सुसाइड     |     उज्जैन से पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा शुरू, CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी     |     Sayani Ghosh Political Journey: ममता बनर्जी की ‘शिष्या’ सयानी घोष का हृदय परिवर्तन; टीएमसी छोड़ एनडीए के साथ जाने की चर्चा     |     Roorkee Crime News: जेल के सामने दिन-दहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग; बदमाशों ने मचाया आतंक, सीसीटीवी में कैद वारदात     |     West Bengal BJP Government: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया विभागों का बंटवारा; जानें किसे मिला कौन सा मंत्रालय     |     Allahabad High Court on UP Police: पुलिस हिरासत पर कोर्ट की तल्ख टिप्पणी; युवक को अवैध रूप से रखने पर दिया मुआवजा     |     Ranchi Crime News: 20 हजार की चोरी के आरोप में युवक के साथ हैवानियत; खौलते गोबर के पानी में डलवाए हाथ     |     Indian Navy Power: नौसेना को मिलेगी अभेद्य सुरक्षा; 449 करोड़ के स्वदेशी ‘सैटेलाइट जैमर्स’ के लिए रक्षा मंत्रालय का समझौता     |     West Bengal Political Crisis: टीएमसी में फूट! काकोली घोष दस्तीदार और शत्रुघ्न सिन्हा समेत 19 सांसदों ने उठाए बागी तेवर     |     Thane News: जुपिटर हॉस्पिटल के बाहर बुजुर्ग से मारपीट; ओला ड्राइवर पर भड़के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, दिए सख्त निर्देश     |     Pune Bomb Threat: पुणे महानगरपालिका के मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी; जांच में निकला अफवाह     |     Shivpuri News: करेरा में अवैध ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के घरों पर गिरे पत्थर, प्रशासन ने क्रेशर किया सील     |    

Pradesh Samna
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए सम्पर्क करें